हर रचना मन की एक प्रार्थना है – कभी मौन में जन्म लेती है, कभी प्रश्न बनकर भीतर गूँजती है, और कभी शब्दों में ढलकर समर्पण बन जाती है।
दास की यह कविताएँ किसी साहित्यिक प्रयोग की नहीं, बल्कि एक गुरुसिख के हृदय की सच्ची अनुभूतियों की अभिव्यक्ति हैं। इनमें उस आत्मिक यात्रा की झलक है, जो "मैं कौन हूँ?" से आरंभ होकर "अपने सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के चरणों में आकर ठहरती है।" यहीं आकर मन शांत होता है, यहीं हर सवाल उत्तर में बदल जाता है।
हर कविता इस सत्य की साक्षी है — कि जब जीवन का केंद्र ‘मैं’ से हटकर इस सत्य, निरंकार पर टिकता है, तब भक्ति मात्र भाव नहीं, बल्कि अनुभव बन जाती है। इन कविताओं में निरंकार मिशन की शिक्षाओं का सार झलकता है — वह दृष्टि जो सिखाती है कि ईश्वर कोई दूर का स्वरूप नहीं, बल्कि वह चेतना है जो हर सांस, हर ज़र्रे में विद्यमान है।
जहां मन का अहं मिटता है, और हृदय पूर्ण श्रद्धा से कह उठता है — "जो कुछ भी है, वह सब यह ही है..."
•• कलम आपकी ••
क्या औकात है मेरी तुझको लिखने की
दिया है तूने रास्ता और हिम्मत इस पथ पर चलने की
लिखने की मुझे शक्ति देना, हर लफ्ज में अपनी ही भक्ति देना
हर शब्द बने "साथी" तेरे नाम का दर्पण, हर पंक्ति में हो तेरी कृपा का अर्पण
